कटड़ा। सूर्यदेव के प्रचंड तेवरों के बीच आस्था और उत्साह में कमी नहीं आ रही। उमस भरे मौसम में श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से जयकारों के साथ मां वैष्णो देवी के भवन की ओर बढ़ रहे हैं। रविवार शाम सात बजे तक करीब 22,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।
दो सप्ताह पहले तक प्रतिदिन 38 हजार से 42 हजार श्रद्धालु यात्रा कर रहे थे। शनिवार को यात्रा का आंकड़ा 33,300 बना रहा जिससे भवन परिसर और धर्मनगरी में रौनक रही। व्यापारियों को उम्मीद है कि मई से फिर यात्रा में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
दिन में यात्रा करने वाले श्रद्धालु पसीने से तर-बतर जरूर हो रहे हैं लेकिन मां के दर्शन की आस उन्हें ऊर्जा दे रही है। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रा मार्ग पर शीतल पेयजल, चिकित्सा सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और भोजन संबंधी उचित प्रबंध किए गए हैं। जगह-जगह लगाए वाटर कूलर, स्वास्थ्य केंद्र और विश्राम स्थल श्रद्धालुओं के लिए राहत का माध्यम बने हैं ताकि श्रद्धालुओं को कठिनाई का सामना न करना पड़े।