उधमपुर। जिले में शिक्षा विभाग की तरफ सरकारी स्कूलों के अंदर शुरू किए गए किंडर गार्टन के विद्यार्थियों को भी सोमवार से मिड-डे-मील की सुविधा मिलेगी। शिक्षा विभाग की तरफ से इनको मिड-डे-मील देने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। सोमवार से मिड-डे-मील के इंचार्ज शिक्षक किंडर गार्टन के विद्यार्थियों के लिए भी मिड-डे-मील की व्यवस्था करेंगे। सीईओ ने इसके लिए सभी शिक्षा जोन जेडईओ को लिखित आदेश जारी कर दिए हैं।
सरकार की तरफ से सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों की तरह ही किंडर गार्टन की व्यवस्था की गई है। अब सरकारी स्कूलों में करीब एक महीने से यूकेजी, एलकेजी की कक्षाएं चलाई जा रही है। एक महीने के अंदर जिला उधमपुर में करीब 40 किंडर गार्टन खुल चुके हैं और इनमें सैकड़ों बच्चों ने एडमिशन लिया है। इनको पढ़ाने का काम सरकारी स्कूलों के शिक्षक ही कर रहे हैं। इन बच्चों को मिड-डे-मील की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। लेकिन अब शिक्षा विभाग ने इसकी व्यवस्था कर दी है। इनको अब सोमवार से मिड-डे-मील की सुविधा मिलने लगेगी। इसके लिए शिक्षा विभाग समग्र शिक्षा अभियान के तहत फंड उपलब्ध करवाएगा। इनके खाने का मेन्यू भी प्राइमरी व मिडिल स्कूलों के विद्यार्थियों की तरह होगा। इनको दोपहर के समय में एक समय का पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के मिड-डे-मील इंचार्ज शिक्षकों को इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं। मौजूदा समय में जिला उधमपुर के अंदर 40 स्कूलों के अंदर किंडर गार्टन मौजूद हैं। इनकी संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सरकारी स्कूलों के शिक्षक लगातार ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को तीन से पांच छह वर्ष के बीच के बच्चों को स्कूल भेजने की अपील कर रहे हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि इन बच्चों को स्कूलों में निजी स्कूलों की तरह की सुविधाएं प्रदान की जा रही है। स्कूलों में शिक्षा के साथ कई तरह की गतिविधियां करवाई जा रही है।
--------------------------------
जिले में किंडर गार्डन की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अभी तक करीब 40 शुरू हो चुके हैं और आने वाले दिनों में और भी बढेंगे। अब यह बच्चे भी स्कूल के अंदर पौष्टिक आहार का सेवन कर सकेंगे। इसकी व्यवस्था कर दी गई है और दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अरविन कुमार कौल, सीईओ उधमपुर