कटड़ा। धर्मनगरी से उधमपुर तक बसों की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजदूर दस्तार यूनियन के राज्य उपप्रधान बंसी लाल शर्मा ने कहा कि बसें रास्ते में भर जाती हैं जिससे दर्जनों गांवों के लोग रोजाना दिक्कतें झेल रहे हैं।
बसों को वरुण चौक तक पहुंचने में लगभग एक घंटा लग जाता है। इसके बाद कई गांवों के लोगों को बस चालक बैठाने से मना कर देते हैं। विशेष रूप से स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों और महिलाओं को दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह और शाम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कई बार घंटों सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। कुछ लोगों को मजबूरन निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
यूनियन ने एआरटीओ रियासी और उधमपुर से मांग करते हुए कहा कि बसों की संख्या बढ़ाई जाए। यह भी सुझाव दिया कि यदि निजी बसों की संख्या पर्याप्त नहीं है तो सरकार द्वारा अतिरिक्त बसें चलाई जाएं। अगर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।