रियासी। भवन निर्माण की एनओसी देने से पहले स्थल की जांच कर लें जो पारदर्शिता के साथ हो। सभी प्रस्तावित निर्माण स्थलों का संयुक्त सत्यापन करें ताकि निर्धारित मानदंड और विनियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
यह निर्देश उपायुक्त कुमार अभिषेक ने शुक्रवार को दिए। वह जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में वाणिज्यिक और आवासीय संरचनाओं के निर्माण और पुनर्निर्माण के लिए अनुमति जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा कर रहे थे। बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने अनुमति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी से बचने के लिए समयबद्ध तरीके से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के लिए कहा। उन्होंने मंजूरी देने से पहले भवन स्थल योजनाओं की पूरी तरह से जांच करने के महत्व पर जोर दिया। प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने और एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों में भवन निर्माण की अनुमति जारी करने के लिए एक सामान्य प्रारूप तैयार करने और अपनाने का निर्देश दिया।
अधिकारियों को यह सत्यापित करने का भी निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कार्य उचित अनुमति के साथ किए जा रहे हैं या नहीं और उल्लंघन के मामलों में उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिले में सुनियोजित और विनियमित विकास सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी पर जोर दिया। बैठक में एडीसी राकेश कुमार, सहायक राजस्व आयुक्त, एसडीएम, तहसीलदार और बीडीओ उपस्थित थे।