संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। सप्ताह भर चलने वाला स्थानीय हस्तशिल्प और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को स्पिरिचुअल ग्रोथ सेंटर में सप्ताह भर चलने वाले आकांक्षा हाट प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद जुगल किशोर शर्मा ने किया। यह आयोजन जिला प्रशासन रियासी की ओर से भारत सरकार की वोकल फॉर लोकल मुहिम के अंतर्गत किया जा रहा है।
यह प्रदर्शनी नीति आयोग द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रीय आकांक्षा ब्रांड का हिस्सा है जिसका उद्देश्य भारत के आकांक्षात्मक ब्लॉकों के उत्पादों और कौशल को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों किसान उत्पादक संगठनों एफपीओएस और ग्रामीण कारीगरों को बड़े बाजारों से जोड़ा जा रहा है। साथ ही पारंपरिक कौशल को संरक्षित भी किया जा रहा है।
उद्घाटन दिवस पर कटड़ा के विधायक श्री बलदेव राज शर्मा और डी सी रियासी निधि मलिक ने प्रदर्शनी का दौरा किया और विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया, जिन्हें स्थानीय एसएचजीएस कारीगरों, सरकारी विभागों और नवोदित उद्यमियों द्वारा लगाया गया है। प्रदर्शनी में कश्मीरी कालीन, हथकरघा वस्त्र, हर्बल एवं ऑर्गेनिक उत्पाद, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजन जैसी क्षेत्रीय विशेषताओं से युक्त वस्तुओं की समृद्ध शृुखला देखने को मिल रही है।
इस आयोजन में लाइव क्राफ्ट डेमो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कौशल विकास कार्यशालाएं और उद्यमिता व विपणन सत्र भी शामिल हैं जिससे यह मंच केवल प्रदर्शन का ही नहीं, बल्कि सीखने और नेटवर्किंग का भी एक व्यापक अवसर बन गया है। विशेष रूप से वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा पर आए श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस प्रदर्शनी में पहुंचे और स्थानीय उत्पादों में रुचि दिखाते हुए स्टाल मालिकों से संवाद किया और क्षेत्र की अनूठी कला की सराहना की।
जिला अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की पहलें न केवल स्थानीय उत्पादकों को व्यावसायिक मंच प्रदान करती हैं बल्कि सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। प्रदर्शनी पूरे सप्ताह खुली रहेगी और प्रत्येक दिन आगंतुकों को संस्कृति परंपरा और उद्यमिता का विशेष अनुभव प्रदान करेगी।