उधमपुर में जेके बैंक के बार कड़कती धूप में अंदर जाने की अनुमति मिलने का इंतजार करते उपभोक्ता
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिला तो कोरोना मुक्त हो चुका है, लेकिन डीसी दफ्तर के सामने स्थित जेके बैंक की मुख्य शाखा में आने वाले उपभोक्ताओं पर बैंक ने अब भी पाबंदियां लगा रखी हैं। लोगों को तपती धूप में बाहर खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। उन्हें अंदर आकर बैठने की इजाजत नहीं है।
बैंक के बाहर तेज धूप में अपनी बारी के इंतजार में खडे़ होने वाले उपभोक्ताओं के लिए न तो कहीं बैठने की कोई सुविधा है, और न ही पीने के पानी की। इसमें वरिष्ठ नागरिकों को भी किसी तरह की छूट नहीं रखी गई है। जिसके चलते जेके बैंक की मुख्य शाखा में आने वाले उपभोक्ता काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि बैंक ने सारे नियम सिर्फ छोटी रकम का लेनदेन करने आए लोगों पर लागू किए हैं। बड़ी रकम वालों पर कोई पाबंदी नहीं है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए बैंक के सुरक्षाकर्मियों के साथ नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक भी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मौजूदा समय में हर जगह कोरोना पाबंदियों में कटौती की गई है। लेकिन, जेके बैंक की इस मुख्य शाखा में इन नियमों का सख्ती से पालन करवाने के लिए सिविल डिफेंस के भी कई सदस्य लगातार सेवाएं दे रहे हैं। जबकि, इनको आपात स्थिति के दौरान अपनी सेवाएं देने का प्रशिक्षण दिया जाता है। मौजूदा समय में जेके बैंक में कोई आपात नहीं है।