कटड़ा। धर्मनगरी में जारी केपीएल 20-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में दूसरे दिन रविवार को दो मुकाबले खेले गए। इसमें जम्मू क्रिकेट क्लब (जेसीसी) और गेम चेंजर क्लब जम्मू (जीसीसी) ने जीत हासिल कर अगले दौर में जगह बनाई है।
रविवार सुबह पहला मुकाबला शांति देवी मेमोरियल क्लब सुंदरबनी (एसएमसी) और जम्मू क्रिकेट क्लब (जेसीसी) के बीच हुआ। जेसीसी ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनिंग जोड़ी ने 12 ओवर में डेढ़ सौ से अधिक रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। वहीं, टीम ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट पर 260 रन बनाए और जीत के 261 रन का लक्ष्य रखा। इसमें विवरांत ने 121 और गौरव ने सर्वाधिक 77 रन बनाए। वहीं, एसएमसी के गेंदबाज परवेज और अजमीर ने एक-एक विकेट हासिल की। जवाब में एसएमसी की पारी मात्र 81 रन पर ही सिमट गई और 180 रन से मैच गंवा दिया।
दूसरा मुकाबला सुपर इलेवन क्लब (एसईसी) और गेम चेंजर क्लब जम्मू (जीसीसी) के बीच हुआ। एसईसी ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए और जीत के 184 रन का लक्ष्य दिया। इसमें गोविल ने 37 और रॉबिन ने 31 सर्वाधिक 31 रन का योगदान दिया। जीसीसी के गेंदबाज कार्तिक ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए हैं। लक्ष्य को जीसीसी की टीम ने 20वें ओवर में हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में 55 गेंद में 121 रन बनाने वाले विवरांत को मैन ऑफ द मैच घौषित किया गया। इसके लिए उन्हें ट्राफी सहित 3100 रुपये की नकद राशि से भी सम्मानित किया गया। दूसरे मुकाबले में 41 गेंद में 62 रन बनाने वाले ओपनर अभिनभ को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आज होने वाले मुकाबले
पहला मैच नारायण हास्पिटल क्रिकेट क्लब (एनएचसीसी) और मयंक क्रिकेट क्लब (एमसीसी) जम्मू के बीच सुबह नौ बजे शुरू होगा। दूसरा मुकाबला आरसीसी कटड़ा और सेरबड़ क्रिकेट क्लब (एससीसी) के बीच दोपहर को खेला जाएगा।
टॉस जीतने वाले कप्तान को मिल रहा चांदी का सिक्का
केपीएल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के हर मैच में टास के लिए दस ग्राम चांदी का सिक्का इस्तेमाल हो रहा है। वहीं, टॉस जीतने वाले कप्तान को यह सिक्का दिया जाता है। आयोजक सुनील डोगरा व भारत भूषण ने बताया कि यह कदम दर्शकों को आकर्षित करने के लिए उठाया गया है।