राज्य में एक बार फिर भारी बारिश और बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग घाटी जाने वाले वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। जवाहर टनल क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी को देखकर राजमार्ग बंद रखने का फैसला लिया गया है। हालांकि डोडा व किश्तवाड़ जाने वाले वाहनों को जाने की अनुमति दी गई है। घाटी की ओर जाने वाले वाहनों को जखैनी चौक पर रोका गया है, जिसके कारण सैकड़ों की संख्या में यात्री हाईवे पर फंस गए हैं।
जखैनी चौक पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा बैरियर लगाकर घाटी की ओर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया है। केवल उन्हीं वाहनों को जाने की अनुमति है जो निकटवर्ती क्षेत्रों को जा रहे हैं। पत्नीटाप तक निजी वाहनों को जाने दिया जा रहा है। यदि इसी तरह से बारिश होती रही तो वीरवार को पत्नीटाप तक के वाहनों को भी रोका जा सकता है। इसके चलते हाईवे पर सैकड़ों की संख्या में यात्री व ट्रक चालक फंसे हुए हैं। लोगों को पुलिस द्वारा लौटने की सलाह दी जा रही है।
इस बारे में डीएसपी ट्रैफिक टीआर राणा ने बताया कि भारी बर्फबारी को देखते हुए अभी दो दिनों तक हाईवे के खुलने के कोई आसार नहीं हैं। यात्री वाहनों का लौटने को कहा गया है, ताकि गाड़ियों का जमावड़ा न हो जाए। अगले आदेश तक हाईवे बंद रहेगा।
जानकारी के मुताबिक भारी बर्फबारी और बारिश के चलते नाशरी से बनिहाल के बीच छह जगहों पर पस्सियां गिरी हैं। रामबन के मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के चलते रामसू समेत अन्य कई तहसीलों का रामबन जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है।