डोडा। डीपीएपी के जिला अध्यक्ष वसीम राजा पर सरकारी भवन के अंदर हमले के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के तहत पुलिस ने शनिवार को सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की आवासीय इमारत को सील कर दिया है। वसीम पर हमला शुक्रवार को इसी इमारत में हुआ था। इसका आरोप आप की महिला कार्यकर्ताओं पर लगा है। वहीं वसीम के खिलाफ भी महिलाओं ने एफआईआर दर्ज करवाई है।
वसीम राजा ने कहा कि आरोपी महिलाओ की जितनी भी रिकार्डिंग मेरे पास थी। वह सारी सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है। एसएसपी डोडा संदीप मेहता ने बताया कि महिला और वसीम राजा दोनो पक्षों ने एफआईआर दर्ज कराई है और इस पर जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं डीसी डोडा हरविंद्र सिंह ने एक ऑर्डर भी जारी किया है । इसमें लिखा गया है कि जब तक जांच पूरी नहीं होती तब तक इमारत को सील किया जा जाएगा।
बता दें, डीपीएपी के ज़िला अध्यक्ष वसीम रजा के साथ शुक्रवार को एक सरकारी भवन के अंदर महिलाओं से झड़प का मामला सामने आया था। यह घटना सार्वजनिक रूप से हुई, जिससे कानून-व्यवस्था और व्यक्तिगत व राजनीतिक प्रतिशोध के लिए सरकारी परिसर के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
वसीम राजा ने हाल ही में डोडा के विधायक मेहराज मलिक के खिलाफ आवाज़ उठाई थी और कहा था कि विधायक ने लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा का समर्थन किया था। इसके बाद, कथित तौर पर राजनीतिक तनाव बढ़ गया। शुक्रवार के घटनाक्रम को उसी बयान की परिणति माना जा रहा है। आरोप है कि मेहराज समर्थक महिलाओं ने उसी बयान को लेकर वसीम पर हमला बोला।
हमले के बाद, वसीम रजा के समर्थकों ने आरोप लगाया था कि यह हमला राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया गया है, जबकि आरोपी महिलाओं का दावा है कि वसीम राजा ने उनके खिलाफ उत्पीड़न के झूठे आरोप लगाए हैं।
वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि वसीम रजा ने हमले के दौरान मदद मांगी थी। जब तक पुलिस पहुंची तब तक हमलावरों के हाथों उन्हें काफी चोटें आ चुकी थीं।
वसीम पक्ष के लोगों का कहना था कि यह घटना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं है, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और राजनीतिक अखंडता जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी हमला है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।