डोडा। डोडा के घाट इलाके में स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के हॉस्टल के बाहर मेडिकल छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। मामला रैगिंग का बताया जा रहा है। इस संबंधी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है। घटना वीरवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर दोनों गुटों और उनके अभिभावकों से बात की और समझौता करवा दिया।
सूत्रों के मुताबिक मारपीट का कारण रैंगिंग को बताया जा रहा है। सीनियर छात्रों को कश्मीर का बताया जा रहा है और जूनियर को जूनियर जम्मू-कश्मीर के बाहर से हैं। घटना के बाद सीनियर और जूनियर दोनों गुटों के अभिभावकों को बुलाया गया। स्थानीय निवासियों और कॉलेज के छात्रों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि सैलून के बाहर खड़ी कार के पास छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं। इस दौरान जमकर गाली-गलोज और हंगामा भी हुआ। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की कि वीरवार शाम को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज घाट में हुई इस हिंसक घटना की निष्पक्ष जांच की जाए। भविष्य में छात्रों के लिए एक सुरक्षित, सकारात्मक माहौल तैयार करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
फिलहाल पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है। वीडियो के आधार पर हुड़दंग मचाने वाले छात्रों की पहचान की गई। इसके बाद कालेज प्रिंसिपल देवराज डोगरा, डीएसपी डोडा और दोनो गुटों के अभिभावकों से बातचीत हुई। इसके बाद दोनों गुटों में समझौता करवा दिया गया।