किश्तवाड़ के शन्ना–ठकराई क्षेत्र में आगजनी की घटना, जिला प्रशासन ने पहुंचाई राहत सामग्री---सौश
किश्तवाड़। जिले के शन्ना–ठाकराई क्षेत्र में रविवार सुबह दो मकानों को आग लग गई। घटना में दीवान चंद परिहार तथा राम देवी के मकान जल गए। फायर ब्रिगेड तो समय पर पहुंच गई थी, लेकिन ऊंचाई पर होने व सड़क संपर्क न होने से आग बझाने में दिक्कत आई। फिल्हाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस संबंध में किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार ने बताया कि उन्होंने आगजनी की घटना को लेकर जिला प्रशासन से बातचीत की है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में खराब सड़क मार्ग की मरम्मत तथा पानी की कमी को दूर करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
शगुन परिहार ने कहा कि इस तरह के दुर्गम और ऊंचाई वाले इलाकों में सड़क संपर्क बेहद जरूरी है। हालांकि दमकल विभाग समय पर पहुंच गया था, लेकिन मकान ऊंचाई पर स्थित होने और सड़क सुविधा के अभाव के कारण दमकल कर्मी आग बुझाने में सफल नहीं हो पाए, जिससे नुकसान ज्यादा हुआ।