चिनाब नदी में तलाशी अभियान चलाती एसडीआरएफ की टीम।
- फोटो : kishatwar news
किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में मंगलवार सुबह एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर किश्तवाड़–बटोत मार्ग के कांदनी क्षेत्र के पास चिनाब में जा गिरा। वाहन में कितने लोग सवार थे। इसका पता नहीं चल पाया है। एसडीआरएफ, पुलिस ने लोगों की सहायता से बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह के समय हुआ और देखते ही देखते वाहन नदी में समा गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, रेड क्रॉस सोसाइटी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार वाहन के मालिक संदीप कुमार निवासी बेगाना है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वाहन वही चला रहे थे या कोई अन्य चालक था। अब तक यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन में कुल कितने लोग सवार थे। देर शाम तक तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन अब तक वाहन या उसमें सवार किसी व्यक्ति का कोई पता नहीं चल पाया है। चिनाब नदी का तेज़ बहाव बचाव कार्यों में बड़ी बाधा बना हुआ है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ मिलकर तलाशी अभियान में लगातार सहयोग कर रहे हैं। बता दें, कुछ दिन पहले भी एक वाहन नदी में गिरा था। उसका भी कोई सुराग नहीं लग पाया।
चिनाब नदी में तलाशी अभियान चलाती एसडीआरएफ की टीम।- फोटो : kishatwar news