मुख्य बाजार में धू धू कर जलता कूड़ा।
- फोटो : ramnagar news
रामनगर। कस्बे के मुख्य बाजार में सफाई कर्मचारी की तरफ से इकट्ठे किए गए कूड़े को आग लगाने से दुकानदार काफी परेशान हैं। दुकानदारों ने सफाई कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
दुकानदार जगदीश चंद्र, विकास गुप्ता, कपिल खारका, तारानाथ, सतपाल, रतन चंद व अन्य दुकानदारों ने बताया कि पिछले एक माह से हर सुबह नगर पालिका का कर्मचारी मुख्य बाज़ार मार्ग की सफाई करके मार्ग के किनारे कई हिस्सों पर कूड़ा इकट्ठा कर देता है। बाद में इसी कूड़े के ढेर को आग लगाकर चला जाता है। इस कारण सभी गंदगी आग की भेंट तो चढ़ जाती है लेकिन गंदगी से उठ रहे धुएं से दुकानदार काफी परेशान हैं।
दुकानदारों ने कई बार सफाई कर्मी को कूड़े को आग न लगाने के लिए समझाया लेकिन सफाई कर्मचारी अपनी मनमर्जी पर डटा हुआ है। दुकानदारों ने बताया कि सुबह जब दुकान खोलने का समय आता है कूड़े को आग लगी होती है। इस कारण दुकानदारों को कार्य करते समय परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दुकानदारों ने नगर पालिका से मांग की कि जल्द ही मुख्य बाजार में कूड़े को आग लगाने का सिलसिला बंद करें अन्यथा व्यापारी वर्ग बर्दाश्त नहीं करेगा।
कोट
मुख्य बाजार में कूड़े को आग लगाना गैरकानूनी है। सफाई कर्मी अगर कूड़े के ढेर को आग लगाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
-अभिलव महाजन, ईओ इंचार्ज, नगर पालिका