किश्तवाड़। पाडर क्षेत्र में स्थित अठोली से पवित्र श्री मचैल माता मंदिर तक जाने वाली पीएमजीएसवाई सड़क को अब बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) को सौंप दिया गया है। सरकार के 17 अप्रैल को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार अब इस महत्वपूर्ण मार्ग के रखरखाव, सुदृढ़ीकरण और भविष्य में उन्नयन का कार्य बीआरओ की ओर से किया जाएगा। यह अहम फैसला हाल ही में चिशोती क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद लिया गया है। इसमें इस मार्ग की स्थिति और महत्व को गंभीरता से उजागर किया गया। इस संबंध में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गई थी जिसकी अध्यक्षता रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने की थी।
बैठक में इस सड़क की सामरिक और जनहित में महत्ता को प्रमुखता से रखा गया। इसके बाद इसे लोक निर्माण विभाग से बीआरओ को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया।सरकारी आदेश के तहत सभी परिसंपत्तियों व देनदारियों सहित बीआरओ को काम सौंपा जाएगा। मौजूदा अनुबंधों को समाप्त कर संयुक्त सत्यापन के बाद सड़क का पूर्ण नियंत्रण बीआरओ को दिया जाएगा। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के लिए यह निर्णय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे न केवल क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी बल्कि यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं में भी सुधार आएगा। खासकर मचैल माता यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।