किश्तवाड़। तहसील नागसेनी के आरजी गांव में कार के खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा रविवार सुबह हुआ। मृतक की पहचान नीरज कुमार पुत्र वेदराज निवासी गांव आरजी तहसील-नागसेनी जिला किश्तवाड़ के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि नीरज कुमार क्षेत्र में एक पावर प्रोजेक्ट कंपनी में काम करता था और नाइट ड्यूटी खत्म कर सुबह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बारिश के चलते फिसलन भरी सड़क पर कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा जिस स्थान पर हुआ, वहां सड़क अपेक्षाकृत खुली बताई जा रही है लेकिन खराब मौसम को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस और स्थानीय एनजीओ की टीमों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। खाई में तलाशी लेने पर युवक मृत अवस्था में पाया गया। इसके बाद शव को बाहर निकालकर जिला अस्पताल किश्तवाड़ पहुंचाया गया, जहां कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।