-इंडो-यूएस ट्रेड डील और इरान पर हमले के विरोध में की नारेबाजी
किश्तवाड़। जिला कांग्रेस कमेटी किश्तवाड़ ने इंडो-यूएस ट्रेड डील के विरोध और ईरान के समर्थन में सोमवार को किश्तवाड़ में जोरदार प्रदर्शन किया। हाल ही में इस्राइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमले की भी निंदा की। इस दौरान भाजपा कार्यालय की तरफ कूच कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पीएल शान और पूर्व विधान परिषद सदस्य व जिला समन्वयक नरेश गुप्ता ने कहा, इंडो-यूएस ट्रेड डील को तुरंत रद्द किया जाए, क्योंकि यह आम जनता और किसानों के हित में नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईरान पर कथित हमले की भी निंदा की और कहा कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में शांति और स्थिरता को खतरा पैदा होता है।
विरोध प्रदर्शन रैली के रूप में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोका। इस दौरान कई कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।
हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं में पूर्व विधान परिषद सदस्य व जिला समन्वयक नरेश गुप्ता, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पीएल शान, शेख इरशाद, फिरदौस मिंगनू, उस्मान बगवान, शबीर लोन, बिद्या लाल, अनस मुजतबा मुंशी, नय्यर अमीन भट, साहिल नाइक, इरफान शाह, शफीक अहमद, चौधरी हनीफ, शरवन बडयाल और जिंदू राम शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। इसका उद्देश्य उन नीतियों और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना था, जिन्हें वे जनहित और वैश्विक शांति के लिए हानिकारक मानते हैं।