किश्तवाड़। द्राबशाला क्षेत्र के लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-244 पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती पर नाराज़गी जताते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति और नए ग्रिड स्टेशन की स्थापना की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण आम जनता, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कुंतवाड़ा में पुल निर्माण की मांग भी उठाई, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए दुकानों को बंद रखा गया, जिससे क्षेत्र में जनआक्रोश का स्पष्ट संदेश दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी तहसीलदार कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने तहसीलदार को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, अन्यथा भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।