उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर 21 में पड़ते कल्लर हेमती इलाके में 25 साल पुरानी मांग पूरी होने पर स्थानीय लोगों ने जिला विकास आयुक्त सलोनी राय का आभार व्यक्त किया। डीसी ने अपने हाथों से 11.31 लाख रुपये से नवनिर्मित नाले का उद्घाटन कर लोकार्पण किया। स्थानीय निवासी रमेश कुमार ने बताया कि लगभग 25 सालों से लोगों की क्षेत्र में नाला बनाने की मांग थी, लेकिन चुनाव के दौरान कई नेता आए उनके समक्ष भी मांग रखी गई। बावजूद इसके किसी ने उनकी समस्या को दूर नहीं किया। इसके चलते स्थानीय लोगों का शिष्टमंडल कुछ दिन पहले डीसी से मिला। डीसी ने उनको आश्वासन दिया और आज निर्माण कार्य पूरा हो पाया। इसके लिए स्थानीय लोग डीसी सहित सीपीओ और लोक निर्माण विभाग के काफी आभारी हैं। नाला पक्का न होने की वजह से क्षेत्र के लोगों के मकानों व जमीनों को काफी नुकसान पहुंच रहा था।