किश्तवाड़। जिले के दच्छन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अब्दुल रशीद निवासी टंडर, दच्छन के रूप में हुई है। युवक पिछले चार दिनों से लापता बताया जा रहा था। शरीर पर जख्मों के निशान मिलने पर परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह दच्छन क्षेत्र के अयाड़ नाला में एक शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि शव गंभीर रूप से क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है और शरीर पर कई गहरे जख्मों के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
मृतक के परिवार के सदस्यों का आरोप है कि एक लड़की ने अब्दुल रशीद को स्वयं मिलने के लिए बुलाया था और दोनों के बीच किसी बात को लेकर चर्चा चल रही थी। परिजनों का कहना है कि इसके बाद युवक की हत्या कर दी गई। उनका आरोप है कि यह एक साजिशन हत्या है और इसके पीछे के कारणों की गहन जांच की जानी चाहिए। परिवार ने मांग की है कि इस मामले में शामिल सभी लोगों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रशासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल किश्तवाड़ भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से दच्छन क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।