कटड़ा। शहर में मौसम सामान्य रहने के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। श्राइन बोर्ड और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
पवित्र शारदीय नवरात्र संपन्न होने के बाद मां वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आने लगी है। दीपावली सहित अन्य प्रमुख त्योहारों के चलते आने वाले दिनों में यात्रा में यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है। हालांकि, भैया दूज के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में दोबारा बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। वीरवार को भी श्रद्धालु दिनभर कटड़ा में पंजीकरण करवाने के बाद अपने परिवार और मित्रों के साथ मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर रवाना होते रहे। दिन के समय मौसम सुहावना बना हुआ है जबकि सुबह, शाम और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। ऐसे में श्रद्धालु यात्रा के दौरान ठंड से बचाव के लिए हल्के गर्म कपड़े साथ लेकर चल रहे हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में मां के दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु भवन में मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं। इसके साथ ही कई श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी हाजिरी लगा रहे हैं। यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा के बाजारों में प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं। इसके चलते बाजारों में रौनक बनी हुई है और दुकानदारों को भी श्रद्धालुओं की आवाजाही से लाभ मिल रहा है।
आंकड़ों के अनुसार 21 अक्तूबर को करीब 28 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं, 22 अक्तूबर को वीरवार शाम पांच बजे तक करीब 21 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी था।