कटड़ा। सीआरपीएफ जम्मू सेक्टर की तरफ से कटड़ा ब्लॉक के युवाओं के लिए शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 16 फरवरी से 7 मार्च तक 20 दिनों तक आयोजित किया गया। इसका समापन सोमवार को हुआ।
शिविर में कटड़ा क्षेत्र के 20 युवाओं को पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और अग्निवीर भर्ती की शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए विशेषज्ञ फिजिकल ट्रेनर की तरफ से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को दौड़, रस्सा चढ़ाई, पीटी, बीम एक्सरसाइज और मल्टी जिम जैसी गतिविधियों का अभ्यास कराया गया, ताकि वे भर्ती की शारीरिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
सीआरपीएफ की ओर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को ट्रैक सूट, किताबें और कॉपियां भी प्रदान की गईं, जिससे उन्हें भर्ती की तैयारी में मदद मिल सके। इस अवसर पर 6 बटालियन के कमांडेंट पीके गर्ग ने कहा कि सिविक एक्शन प्रोग्राम के माध्यम से स्थानीय युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए प्रेरित करना और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देना सीआरपीएफ का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान द्वितीय कमान अधिकारी संजय गौतम, द्वितीय कमान अधिकारी राजेश शर्मा, उप कमांडेंट गोपाल कृष्ण हरि, उप कमांडेंट संजय मोहंती, चिकित्सा अधिकारी डॉ. बोचिया कुमारी जानकी पन्नालाल, निरीक्षक जीडी राज कुमार सहित अन्य अधिकारी व जवान भी मौजूद रहे।