कटड़ा। धर्मनगरी में वीरवार शाम श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति से जुड़े युवाओं ने रोपवे परियोजना के विरोध में रैली निकाली। युवाओं के हाथों में बैनर थे जिन पर लिखा था नो रोपवे, लाखों लोगों को बेरोजगार मत करो, मां वैष्णो देवी द्वारा बनाए गए रास्ते को खंडित मत करो, श्रद्धालुओं की आस्था से मत खेलो नारे लिखे गए थे।
रैली उधमपुर मार्ग से मुख्य बाजार से होते हुए बस स्टैंड, बाण गंगा मार्ग, श्रीधर चौक और अन्य मार्ग से होते हुए आगे बढ़ी। युवाओं ने परियोजना को तत्काल रद्द करने की मांग दोहराई। संघर्ष समिति के सदस्यों का कहना है कि रोपवे लगने से पिट्ठू, घोड़ा, पालकी संचालक, छोटे दुकानदार, होटल व्यवसायी और हजारों स्थानीय परिवारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा। उनका आरोप है कि इस परियोजना से जहां एक ओर पारंपरिक यात्रा मार्ग की पवित्रता प्रभावित होगी। दूसरी ओर स्थानीय जम्मू संभाग की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संबंधित प्राधिकरणों ने जनभावनाओं का सम्मान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।