कटड़ा। धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में वीरवार को मौसम साफ रहा। दिनभर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तीखी धूप का सामना करना पड़ा। अचानक बढ़े तापमान से गर्मी का अहसास होने लगा है। इसके बावजूद श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ यात्रा कर रहे हैं। हालांकि सुबह-शाम को ठंड महसूस हो रही है।
यात्रा में कमी जारी है जिस कारण श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। इनमें हेलिकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे केबल कार के साथ ही घोड़ा, पिट्ठू तथा पालकी आदि की सेवाएं प्रमुख हैं। एक ओर श्रद्धालु दिव्य दर्शन कर परिवार की सुख शांति की कामना कर रहे हैं तो वहीं अर्धकुंवारी में पवित्र गर्भ गुफा के साथ ही बाबा भैरवनाथ के चरणों में हाजिरी लगा रहे हैं। साथ ही मां वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा में प्रवेश करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। 11 फरवरी को जहां 15900 श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी तो शाम छह बजे तक करीब 11500 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।