कटड़ा। धर्मनगरी में खराब मौसम तथा लगातार हो रही बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित रही। वीरवार रात बारिश शुरू होने के साथ ही 10:00 बजे से बंद हुई बिजली शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे इक्का दुक्का इलाकों में बहाल हुई। अधिकांश इलाकों में शाम 6:30 बजे तक भी बिजली नहीं आ पाई थी। इसको लेकर श्रद्धालुओं के साथ ही लोगों को लगातार परेशानियां का सामना करना पड़ा।
दूसरी ओर बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लगातार बिजली बहाली में जुटे हुए हैं। बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बहाल नहीं होने के चलते पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। इसके कारण होटल, गेस्ट हाउस तथा धर्मशालाओं में रुके श्रद्धालुओं को भी परेशान होना पड़ा। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त तारों और खंभों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। अलग-अलग फीडरों से आंशिक रूप से बिजली आपूर्ति करने की कोशिश की जा रही है।