त्रिकुटा पर्वत की पहाड़ियों पर लगी आग।
- फोटो : katra news
कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में अर्धकुंवारी के पीछे वाली पहाड़ी पर वीरवार रात अचानक आग लगने की घटना सामने आई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग सतर्क हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग यात्रा मार्ग से काफी दूर लगी। इसके चलते यात्रा पर किसी प्रकार का कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
जानकारी के अनुसार वीरवार शाम को पहाड़ी क्षेत्र में आग लगी दिखाई दी। आग झाड़ियों में लगी और फैल गई। दूर से ही लपटें और धुआं दिखाई दे रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग, आपदा प्रबंधन तथा सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखी। दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में आग होने के कारण उसे नियंत्रित करने में सावधानी बरती गई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि आग आबादी वाले इलाकों या यात्रा ट्रैक के नजदीक नहीं थी, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की चिंता की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। एहतियातन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आग की वजह से न तो यात्रा रोकी गई और न ही किसी प्रकार का मार्ग परिवर्तन किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।