कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य ने बुधवार को एसएमवीडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की पैरा तीरंदाज पायल नाग को सम्मानित किया। पैरा तीरंदाज पायल ने यूएई दुबई में 7 से लेकर 14 दिसंबर तक आयोजित एशियाई युवा पैरा खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
पायल नाग ओडिशा की रहने वाली हैं और पिछले तीन साल से कटड़ा स्थित एसएमवीडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने कंपाउंड अंडर-21 महिला ओपन वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर एशिया महाद्वीप की अग्रणी पैरा तीरंदाजों के साथ प्रतिस्पर्धा की। हालांकि वह शीर्ष स्थान हासिल करने से बाल-बाल चूक गईं लेकिन उनकी भागीदारी और समग्र प्रदर्शन बेहद सराहनीय और प्रेरणादायक था। चैंपियनशिप के दौरान भारतीय पैरा तीरंदाजी दल के साथ रहीं। श्राइन बोर्ड की तीरंदाजी कोच अभिलाषा चौधरी को खेल के प्रति उनके समर्पित योगदान और युवा एथलीटों के मार्गदर्शन में उनकी भूमिका के लिए सराहा गया। सीईओ ने खिलाड़ी को माता का प्रसाद भेंट किया जो दैवीय आशीर्वाद और प्रशंसा का प्रतीक था। इस अवसर पर सतीश कुमार शर्मा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ध्रुव गुप्ता, सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी और एसएमवीडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के संबंधित कोच मौजूद रहे।