कटड़ा में नगर पालिका के कार्यालय में पहुंचे रेहड़ी संचालक।
- फोटो : katra news
कटड़ा। धर्मनगरी में अवैध रेहड़ियों के खिलाफ नगर पालिका द्वारा की गई कार्रवाई के बाद शनिवार को मामला और गरमा गया। शुक्रवार को जिन रेहड़ियों को नगर पालिका की टीम ने तोड़ा था। उनके संचालकों ने शनिवार सुबह नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे रेहड़ी संचालकों का आरोप है कि नगर पालिका ने कुछ ही लोगों की रेहड़ियां तोड़ी हैं जबकि धर्मनगरी के कई इलाकों में अभी भी बिना लाइसेंस के अवैध रेहड़ियां लगी हुई हैं। इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने इसे पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करार दिया। कहा कि यदि नियमों के तहत रेहड़ियों को हटाना ही है तो सभी अवैध रेहड़ियों पर समान कार्रवाई की जाए।
रेहड़ी संचालकों ने साफ शब्दों में कहा कि नगर पालिका का यह दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि या तो सभी अवैध रेहड़ियों को हटाया जाए नहीं तो जिनकी रेहड़ियां तोड़ी गई हैं उन्हें भी उसी स्थान पर दोबारा रेहड़ियां लगाने की अनुमति दी जाए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन कुछ लोगों को संरक्षण दे रहा है। इसके चलते अभी भी कई बिना लाइसेंस के रेहड़ियां धड़ल्ले से संचालित हो रही हैं। नगर पालिका कार्यालय के बाहर कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। नारेबाजी के चलते कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। मौके पर पुलिस बुलाई गई और माहौल शांत किया गया। बाद में नगर पालिका अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी। हालांकि नगर पालिका के ईओ रजत अबरोल कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इस पर अन्य अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नियमों के तहत सभी अवैध रेहड़ियों पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि नगर पालिका किसी के साथ भेदभाव नहीं कर रही है और कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की जा रही है। आने वाले दिनों में बिना लाइसेंस संचालित सभी रेहड़ियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना हंगामा शांत किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समान कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा अपनी रेहड़ियां उसी स्थान पर लगाएंगे।