कमिश्नर सेक्रेटरी स्टाल का जायजा लेते हुए।
- फोटो : katra news
कटड़ा। धर्मनगरी मे श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के आध्यात्मिक केंद्र में रविवार को तीन दिवसीय पश्मीना व हैंडीक्राफ्ट उत्सव का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का उद्घाटन इंडस्ट्री एंड कॉमर्स विभाग के कमिश्नर सेक्रेटरी विक्रमजीत सिंह ने रिबन काटकर किया।
यह उत्सव जम्मू-कश्मीर व्यापार संगठन द्वारा आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य राज्य की पारंपरिक हस्तकला और पश्मीना उत्पादों को बढ़ावा देना तथा स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना है। उद्घाटन अवसर पर विक्रमजीत सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के हैंडीक्राफ्ट और पश्मीना उत्पाद विश्वभर में अपनी गुणवत्ता और कला के लिए प्रसिद्ध हैं। ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय उद्योग को प्रोत्साहित करते हैं बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न करते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए अलग-अलग जगह न भटकना पड़े। उत्सव में लगभग 41 स्थानों से व्यापारी और कारीगर पहुंचे हैं, जिन्होंने अपनी पारंपरिक कला और वस्त्रों की प्रदर्शनी लगाई है। इसके अलावा 50 से अधिक बड़े खरीदार विभिन्न शहरों से इस प्रदर्शनी में पहुंचे, जिन्होंने स्थानीय उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई।
कमिश्नर सेक्रेटरी ने बताया कि इस तरह के अधिवेशन का उद्देश्य कारीगरों और व्यापारियों को एक मंच पर लाना है ताकि उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री और प्रचार के लिए व्यापक बाजार मिल सके। उत्सव के पहले दिन कटड़ा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्थानीय कला और पश्मीना वस्त्रों की सराहना की। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को आकर्षित किया। उत्सव तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न जिलों के कारीगर अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे और खरीदारों से सीधा संपर्क स्थापित करेंगे। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से जम्मू-कश्मीर के पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।