उपराज्यपाल से मिलते विधायक बलदेव राज शर्मा।
- फोटो : katra news
कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलदेव राज शर्मा ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से राजभवन श्रीनगर में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान विधायक बलदेव राज शर्मा ने कटड़ा नगर एवं विधानसभा क्षेत्र से संबंधित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर चर्चा की और क्षेत्र की जनसुविधाओं में तेजी लाने की मांग रखी।
बैठक में स्मार्ट रोड्स परियोजना की प्रगति एवं शीघ्र क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। धर्मनगरी में पिछले कहीं वर्षों से पानी की किल्लत को देखते हुए चिनाब नदी से कटड़ा नगर को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और कटड़ा में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग की गई।
विधायक ने कटड़ा में इनडोर स्टेडियम की स्वीकृति के लिए उपराज्यपाल का आभार व्यक्त किया। नारायणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ककड़याल के आयुष्मान वार्डों में एसी लगाने के निर्णय की सराहना की।
उपराज्यपाल ने विधायक के सुझावों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी कटड़ा को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए प्रशासन और श्राइन बोर्ड मिलकर कार्य कर रहे हैं।