कटड़ा। धर्मनगरी मे त्योहारी सीजन के बावजूद इस बार मां वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट देखी जा रही है। इस वर्ष औसतन प्रतिदिन मात्र 8 से 10 हजार श्रद्धालु ही पंजीकरण काउंटर से मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं।
श्राइन बोर्ड के अनुसार पिछले वर्षों की तुलना में यह संख्या काफी कम है। पहले इन दिनों में रोजाना औसतन 25 से 30 हजार श्रद्धालु दरबार की ओर प्रस्थान करते थे। इससे भवन मार्ग पर लंबी कतारें लग जाती थीं। मगर फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और श्रद्धालु बिना किसी भीड़भाड़ के आराम से मां वैष्णो देवी के दर्शन कर पा रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस पूरे वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में कमी से बाजारों में रौनक भी कुछ फीकी देखने को मिल रही है। होटल, गेस्ट हाउस और भोजनालयों में भी पहले जैसी भीड़ नहीं दिख रही। वहीं प्रशासन और श्राइन बोर्ड की ओर से दर्शन मार्गों और सुविधाओं को लेकर पूरी तैयारी की गई है ताकि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं का कहना है कि भीड़ कम होने से दर्शन काफी सुगम हो गए हैं। भवन, भैरव घाटी और अर्धकुंवारी में भी लाइनें बहुत कम देखने को मिल रही हैं जिससे श्रद्धालु शांति और श्रद्धा के साथ मां के दरबार में माथा टेक रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि मौसम में आई हल्की ठंडक और यात्रा के हाल के दिनों में हुए स्थगन के चलते कई श्रद्धालु अपनी यात्रा योजनाओं को आगे बढ़ा चुके हैं। हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी दिनों में दशहरा और दीवाली पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या में फिर से वृद्धि होगी।