पौनी। डाक बंगला में विधायक कुलदीप राज दुबे ने जनता दरबार लगा कर लोगों की समस्याएं सुनीं।
कुछ समस्याओं का मौके पर ही निवारण भी किया गया। इस मौके पर कई सरकारी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। लोगों ने विधायक के समक्ष पशुओं को होने वाली लंपी बीमारी के प्रति अवगत करवाया।
मौके पर ही विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर गांव में जाकर बीमारी की रोकथाम के लिए दवाई पशुओं को लगाए ताकि बीमारी से जानवरों को बचाया जा सके।
डब जागीर निवासी राधा देवी ने बताया कि पानी की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। डेलीवेजर अपना काम अगर ईमानदारी से करें तो लोगों को पर्याप्त पानी मिल सकता है।
सुगल लैड कान्हा में भी पानी की किल्लत से लोग परेशान हो रहे हैं। खैरालैड निवासी कमल सिंह व करनैल सिंह ने बताया कि वार्ड चार और पांच में पानी कई महीनो से नहीं आ रहा है। जिला विकास परिषद सदस्य रीता शर्मा ने विधायक कुलदीप राज को बताया कि कस्बे में उचित खेल मैदान नहीं होने के कारण बच्चे परेशान हो रहे हैं।
विधायक ने कहा कि कस्बे में कई खराब पड़े हैंड पंप कल से ठीक होना शुरू हो जाएंगे। जिस जगह पर लोग बिजली की लो वोल्टेज से परेशान हो रहे हैं वहां पर नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।