कटड़ा। माता वैष्णो देवी की पवित्र नगरी कटड़ा इन दिनों सफाई कर्मचारियों की लगातार हड़ताल के चलते भारी अव्यवस्था का सामना कर रही है। पिछले कई दिनों से नगर पालिका के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इससे पूरे नगर क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। इस कारण श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के मुख्य मार्गों, गलियों, मंदिर मार्ग, बाजार और आवासीय क्षेत्रों में फैली गंदगी के चलते वातावरण दूषित हो गया है। कूड़े से उठती दुर्गंध और उसमें पनपते मच्छर व कीड़े-मकौड़े बीमारियों के खतरे को बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर में डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का डर बना हुआ है। श्रद्धालु भी नगर की स्थिति देखकर निराश नजर आ रहे हैं, जिससे नगर की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारी संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सफाई कर्मचारियों की मांगों पर विचार कर कोई समाधान निकाला जाए, ताकि नगर की सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके और धर्मनगरी की गरिमा बनी रहे।