डोडा। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईएफटी) के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को पीएम श्री गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल खेलनी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित कर फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में उपलब्ध शिक्षा और कॅरिअर की संभावनाओं की जानकारी दी। सत्र के दौरान एनआईएफटी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को फैशन डिजाइनिंग के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया।
उन्होंने इस क्षेत्र में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, दाखिले के लिए निर्धारित पात्रता मानदंडों तथा भविष्य में उपलब्ध कॅरिअर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। प्रlतिनिधियों ने कहा कि फैशन एवं डिजाइनिंग का क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है और इसमें रचनात्मक प्रतिभा रखने वाले युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और रचनात्मक क्षमता को पहचानने तथा इस क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस जागरूकता सत्र से विद्यार्थियों को शिक्षा एवं कॅरिअर के नए विकल्पों की जानकारी मिली। साथ ही उन्हें भविष्य की पढ़ाई और व्यावसायिक दिशा का चयन करने में मददगार जानकारी प्राप्त हुई। संवाद