उधमपुर। यात्री बसों की फिटनेस होने के बावजूद भी परिवहन विभाग की ओर से चलने की अनुमति नहीं दी जा रही। अगर इसी तरह ट्रांसपोर्टर्स के साथ मनमानी की जाती रही तो उधमपुर के सभी चालक व ट्रांसपोर्टर हड़ताल पर उतर आएंगे। यह चेतावनी ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के चेयरमैन रशपाल सिंह ने दी।
सिंह ने बताया कि मौजूदा समय में परिवहन विभाग व प्रशासन की ओर से उन्हें काफी परेशान किया जा रहा है। एक ही वाहन के दो से तीन चालान कर दिए जाते हैं और उन्हें पता तक नहीं चलता जबकि चालान की कोई उचित वजह भी नहीं होती। सिंह का आरोप है कि एक तरफ जिले की सभी सड़कों की हालत बद से बदतर हो रही है, ऐसे में इन रूट पर चलने वाहनों को काफी नुकसान होता है। इससे उन पर बेवजह का खर्चा भी पड़ता है। प्रशासन को चाहिए कि पहले अपनी सड़कों की हालत को दुरुस्त करें और उसके बाद वाहनों में कोई कमी पाई जाती है तो कार्रवाई करे। परिवहन विभाग की ओर से पुराने वाहनों को खड़े रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्या अन्य जिलों में पुराने वाहन नहीं चल रहे, पहले उनकी फिटनेस की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर चालकों व ट्रासांपोर्टरों को इसी तरह परेशान किया जाता रहा तो सभी हड़ताल पर उतर आएंगे और जिले में कोई भी वाहन नहीं चलने देंगे।