डोडा। जिला मजिस्ट्रेट कृष्ण लाल ने शुक्रवार को बैठक की अध्यक्षता कर जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की तरफ से आयोजित की जाने वाली अकाउंट्स असिस्टेंट भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। वित्त विभाग में अकाउंट्स असिस्टेंट पदों के लिए आयोजित होने वाली ओएमआर आधारित परीक्षा 15 नवंबर 2026 को दोपहर 1 बजे होगी। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5,478 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है।
बैठक में एडीसी डोडा एवं परीक्षा के मुख्य निरीक्षक अनिल कुमार ठाकुर, एडीसी भद्रवाह सुनील कुमार भूतियाल, एएसपी मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जेकेएसएसबी के प्रतिनिधि, सरकारी कॉलेजों के प्राचार्य और शिक्षण संस्थानों के प्रमुख उपस्थित रहे।
डीएम ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति, प्रभावी यातायात प्रबंधन और सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं से लैस नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने और सीसीटीवी कैमरों को समय रहते स्थापित कर उन्हें पूरी तरह कार्यशील रखने पर जोर दिया।
डीएम ने पीडीडी और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली और पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षा अधिकारी डोडा को सरकारी और निजी स्कूलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी ढांचे और आवश्यक सुविधाओं की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डोडा को संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल टीमों सहित आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, जिला सूचना अधिकारी को सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी और कैमरा कवरेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने केंद्र अधीक्षकों, उप केंद्र अधीक्षकों और परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को परीक्षा से कम से कम एक दिन पहले अपने-अपने केंद्रों का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। एआरटीओ डोडा को परीक्षा से संबंधित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन, वीडियोग्राफी, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए ताकि परीक्षा का आयोजन सुचारू, निष्पक्ष और परेशानी मुक्त तरीके से कराया जा सके।