जी एच एस चिली बाला के विद्यार्थी भ्रमण के दौरा जंगल से गुजरते हुए।
- फोटो : doda news
डोडा। सरकारी हाई स्कूल चिली बाला में बैगलेस डे के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक एवं प्रकृति भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने कक्षा और किताबों की दुनिया से बाहर निकलकर प्रकृति के बीच जाकर पेड़-पौधों और जड़ी-बूटियों के बारे में प्रत्यक्ष रूप से जानकारी हासिल की।
विद्यालय के अध्यापकों ने विद्यार्थियों को जंगल और प्राकृतिक वातावरण में ले जाकर उन पेड़ों, पौधों और जड़ी-बूटियों से परिचित कराया, जिनके बारे में बच्चे अब तक किताबों के माध्यम से पढ़ते आए थे। शिक्षकों ने विभिन्न पेड़-पौधों की विशेषताओं और उनके प्राकृतिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान बच्चों को यह भी समझाया गया कि मौसम के साथ कई पेड़ों और पौधों के रंगों में बदलाव क्यों आता है तथा कुछ पौधे लाल रंग के क्यों दिखाई देने लगते हैं। विद्यार्थियों ने इन प्राकृतिक परिवर्तनों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर उनके पीछे के कारणों को समझा।
विद्यार्थियों ने कहा कि किताबों में किसी विषय को पढ़ने और फिर उसी चीज को अपनी आंखों के सामने देखकर तथा उसका अनुभव करने में बड़ा अंतर होता है। प्रकृति के बीच जाकर पेड़-पौधों और जड़ी-बूटियों को प्रत्यक्ष रूप से देखने से उन्हें विषय को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला और सीखने का अनुभव अधिक रोचक व यादगार बन गया।
विद्यालय के सभी अध्यापकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैगलेस डे कार्यक्रम ने बच्चों को “लर्निंग बाई डूइंग , एक्सपलोरिंग बाई एक्सपीरियंस ” की वास्तविक भावना से जोड़ा। विद्यार्थियों ने इस अनूठे और ज्ञानवर्धक अनुभव के लिए स्कूल के सभी अध्यापकों का आभार व्यक्त किया। इस तरह की गतिविधियां शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, प्रकृति के प्रति लगाव और अनुभवात्मक सीखने की भावना को भी मजबूत करती हैं।