भद्रवाह। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और नियमित टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से शुक्रवार को उप जिला अस्पताल (एसडीएच) भद्रवाह में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण अस्पताल के कॉन्फ्रेंस हॉल में रूटीन इम्यूनाइजेशन और डिजिटल यू-विन प्लेटफॉर्म के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर भद्रवाह डॉ. वर्षा शर्मा की देखरेख में किया गया। उन्होंने स्वयं प्रशिक्षण देते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित टीकाकरण की महत्ता, सही रिकॉर्ड रखने, वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण और कोल्ड चेन प्रबंधन सहित यू-विन पोर्टल के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में स्वास्थ्य संस्थानों के प्रभारी, टीकाकरण कर्मियों और कोल्ड चेन स्टाफ ने भाग लिया। इस दौरान टीकाकरण गतिविधियों की निगरानी, डिजिटल दस्तावेजीकरण, वैक्सीन प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
डॉ. वर्षा शर्मा ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को जमीनी स्तर पर लागू करने और यू-विन पोर्टल का उचित उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की ताकि पूरे ब्लॉक में टीकाकरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सके।