उधमपुर। उधमपुर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए शनिवार से गर्मी की छुट्टियां शुरू हो गई हैं। यह अवकाश 1 जून से 22 जुलाई तक रहेगा।
पिछले कई दिनों से पड़ रही चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच छुट्टियां मिलने से बच्चों और अभिभावकों ने बड़ी राहत महसूस की है। छुट्टियों के दौरान बच्चों की पढ़ाई संबंधी कोई शंका या मदद की जरूरत पड़ती तो वो वह अपने स्कूल शिक्षक से आनलाइन मदद ले सकते हैं। इसके लिए शिक्षा द्वारा ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर सकते। इस अवकाश के दौरान विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी छुट्टियां रहेंगी, लेकिन उन्हें बिना पूर्व अनुमति के स्कूल आने की इजाजत नहीं होगी। यदि किसी विशेष कारण, जैसे ग्रीष्मकालीन शिविर (समर कैंप), समर ट्यूटोरियल या अन्य शैक्षणिक गतिविधि का आयोजन करना हो, तो संबंधित अधिकारियों से पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी सुभाष गुप्ता ने सभी बच्चों को छुट्टियों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे मनोरंजन के साथ-साथ पढ़ाई भी जारी रखें। उन्होंने बच्चों को घर में माता-पिता और दादा-दादी के साथ समय बिताने, उनसे अच्छी बातें सीखने और इस भीषण गर्मी में अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।