संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान चलाया गया है। 28 फरवरी से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 2483 लड़कियों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है लेकिन जागरूकता की कमी के कारण तीन महीने में लक्ष्य का आधा हिस्सा भी पूरा नहीं हो पाया है। एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर लोगों में जागरूकता की कमी देखने को मिल रही है। यही कारण है कि तीन महीने बीत जाने के बाद भी बहुत कम लोग इस वैक्सीन का लाभ उठा पाए हैं। यह वैक्सीन 14 वर्ष और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को लगाई जा रही है जिसका उद्देश्य भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करना है।
90 दिनों के इस अभियान में विभाग ने कुल 5464 किशोरियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा था जिसमें लगभग 500 का लक्ष्य कमांड अस्पताल के लिए निर्धारित किया गया था जबकि बाकी लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरा किया जाना था। निर्धारित समय पूरा होने पर भी केवल 2483 किशोरियों को ही वैक्सीन लग पाई है।
स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के अनुसार लोगों में जागरूकता की कमी और वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियां लक्ष्य पूरा न होने का मुख्य कारण हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्कूलों में जाकर अभिभावक-शिक्षक जागरूकता कार्यक्रम करवाए गए। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर सहित चार गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती है। गार्डासिल नामक यह वैक्सीन एक सिंगल डोज के रूप में दी जाती है। टीका लगने के बाद कभी-कभी हल्का बुखार आ सकता है लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है।