उधमपुर। डीसी कार्यालय में 2027 की डिजिटल जनगणना को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान डीसी मिंगा शेरपा ने जनगणना की प्रक्रिया, ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन और पोर्टल पर डेटा अपलोड करने की सुविधा की जानकारी दी। कहा कि नागरिक खुद रजिस्ट्रेशन कर अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। प्रशासन ने लोगों से सही और सटीक जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की।
बैठक के दौरान उपयुक्त मिंगा शेरपा ने आगामी जनगणना से जुड़े कार्यों और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 की जनगणना पहली डिजिटल जनगणना होगी। पहली बार भारत सरकार और मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स द्वारा आम नागरिकों को यह सुविधा दी गई है कि वे स्वयं प्री-रजिस्ट्रेशन कर अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे।
डिजिटल जनगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह प्रक्रिया 17 मई से शुरू होकर 1 जून तक चलेगी। सभी नागरिकों को अपने घर, परिवार के सदस्यों की संख्या, भूमि धारण, सुविधाओं और अन्य जरूरी जानकारियों को पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसके बाद जनगणना कर्मचारी मौके पर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा दिया गया डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और इसे किसी अन्य विभाग के साथ साझा नहीं किया जाएगा। यह डेटा सरकार को सामाजिक और आर्थिक स्थिति का विश्लेषण करने तथा बेहतर योजनाएं बनाने में मदद करेगा। विशेष रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों के लिए इस जनगणना में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाओं से जुड़े कॉलम भी शामिल किए गए हैं ताकि क्षेत्रवार समस्याओं की पहचान कर योजनाएं तैयार की जा सकें।
डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा प्रभारी अधिकारी, मास्टर प्रशिक्षक, फील्ड प्रशिक्षक को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संवाद