फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: 19 साल की उम्र में देखा आत्मनिर्भर बनने का सपना, आज रामबन से उधमपुर तक चला रहीं तीन सैलून

विज्ञापन
विज्ञापन
उधमपुर। अपने सपनों को पूरा करने के लिए उम्र नहीं, बल्कि हौसले और मेहनत की जरूरत होती है। रामबन की रहने वाली मीनाक्षी भूतियाल इसकी मिसाल हैं। कभी ब्यूटी और मेकअप का काम सीखने के लिए संघर्ष करने वाली मीनाक्षी आज रामबन और उधमपुर में अपने तीन सैलून चला रही हैं।
विज्ञापन

मीनाक्षी ने अपने हुनर को ही अपनी पहचान बनाया और अब दूसरी लड़कियों को भी आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही हैं। उनके तीनों सैलून में छह लड़कियां काम कर रही हैं, जबकि वह अब तक 10 से 15 लड़कियों को प्रशिक्षण दे चुकी हैं।
मीनाक्षी बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही सजने-संवरने और ब्यूटी के काम में रुचि थी। इसी शौक को उन्होंने अपने कॅरिअर का आधार बनाने का फैसला किया। 19 साल की उम्र में उन्होंने इस दिशा में कदम बढ़ाया। उस समय उनकी सगाई हो चुकी थी और वह 12वीं तक पढ़ाई कर चुकी थीं, लेकिन उनके मन में कुछ नया सीखने और अपनी अलग पहचान बनाने की इच्छा थी। रामबन के ग्रामीण क्षेत्र से होने के कारण उनके लिए शहर जाकर काम सीखना आसान नहीं था। शुरुआत में परिवार के कुछ सदस्य भी उन्हें शहर जाने से रोकते थे, लेकिन उन्होंने अपनी इच्छा परिवार के सामने रखी और उन्हें समझाकर सहयोग हासिल किया। इसके बाद वह रामबन शहर के एक पार्लर में काम सीखने पहुंचीं। यहां उन्होंने थ्रेडिंग, आइब्रो और फेशियल जैसे काम सीखे।
विज्ञापन



सीखने के लिए जम्मू से दिल्ली तक किया सफर

ब्यूटी के काम के साथ उन्होंने अपनी स्किल बढ़ाने के लिए नर्सिंग, कंप्यूटर और स्टेनोग्राफी का प्रशिक्षण भी लिया। इस दौरान एक दुकान पर काम करके अनुभव हासिल किया। उनके पति ने भी हमेशा उनका साथ दिया और खुद का कारोबार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति की मदद से उन्हें दुकान मिली, जहां उन्होंने काम को आगे बढ़ाया। मीनाक्षी का कहना है कि वह केवल पार्लर का सामान्य काम सीखकर रुकना नहीं चाहती थीं। वह मेकअप के क्षेत्र में भी अपनी विशेषज्ञता बढ़ाना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने जम्मू में प्रशिक्षण लिया और बाद में दिल्ली जाकर भी कई कोर्स किए। प्रशिक्षण के लिए उन्होंने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद पैसे जुटाए और लोन लेकर अपने हुनर को निखारने में निवेश किया। वह बताती हैं कि इस पूरे सफर के दौरान उन्हें एक छोटे से कमरे में रहकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करनी पड़ी।

प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्होंने अपना सैलून शुरू किया और दुकान को अपने अनुसार तैयार करवाया, लेकिन बाढ़ के कारण उनकी दुकान को नुकसान पहुंचा। इस मुश्किल समय में भी उन्होंने हार नहीं मानी। ग्राहकों तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया का सहारा भी लिया। मीनाक्षी बताती हैं कि दुकान ऐसी जगह थी जहां लोगों की आवाजाही कम रहती थी, लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से धीरे-धीरे लोग उनके काम के बारे में जानने लगे। ग्राहकों को उनकी सेवाएं पसंद आने लगीं और कारोबार फिर से आगे बढ़ने लगा। बाद में उन्होंने दूसरी दुकान लेकर उसे भी नए सिरे से तैयार किया। आज मीनाक्षी के रामबन में दो सैलून हैं, जिन्हें उनका स्टाफ संभाल रहा है, जबकि उधमपुर में उनका तीसरा सैलून चल रहा है। तीनों सैलून में छह लड़कियां काम कर रही हैं। मीनाक्षी के अनुसार वह महीने में 25 से 30 हजार रुपये कमा रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें