पौनी। कस्बे के बाजार में सफाई व्यवस्था चरमराने से दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और कूड़ेदान भी कचरे से भरे पड़े हैं। हालात यह है कि कई बार कूड़ेदानों में जमा कचरे को खुले में आग लगा दी जाती है, वहीं दुकानों के बाहर नालियों में जमा गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं। इससे दुकानदारों का दुकानों में बैठना भी मुश्किल हो गया है।
समस्या को लेकर स्थानीय दुकानदारों ने बैठक कर चिंता जताई और प्रशासन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। दुकानदारों ने तहसीलदार साहिल रंधावा और खंड विकास अधिकारी अर्जुन राम पॉल से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की। इस अवसर पर अंचल सिंह, सुखविंदर सिंह, अजय सेठ, मुबारक सिंह, रंगील सिंह सहित अन्य दुकानदार मौजूद रहे।