धनवा सलून मे पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : poni news
पौनी। पंचायत धनवा सलून में पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों ने शनिवार को जल शक्ति विभाग के खिलाफ रियासी-पौनी सड़क मार्ग पर सलून की तरह जाने वाले लिंक रोड पर प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोग पंकज सिंह, हेम राज ने बताया कि बहुत दिनों से क्षेत्रवासी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। कई दिनों से पानी की आपूर्ति के लिए गुहार लगा रहे हैं लेकिन खाली आश्वासन दिया जाता है। समस्या का समाधान अधिकारी नहीं निकालते हैं। मौके पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव करन दीप सिंह भी पहुंचे। उनकी मौजूदगी में भी जल शक्ति विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। मौके पर अपनी टीम के साथ पहुंचे सब इंस्पेक्टर बलजीत कौर व सब इंस्पेक्टर राजेश चौधरी ने विभाग के जूनियर इंजीनियर तनवीर से फोन पर बात की, जिन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पानी की आपूर्ति बहाल होगी, आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।
कांग्रेस नेता करन दीप सिंह ने कहा कि अगर तीन दिनों के अंदर गांव में पानी की समस्या हल नहीं हुई और रोजाना पानी नहीं आया तो वह लोगों के साथ मिलकर हाईवे को बंद कर देंगे। इसके साथ ही प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर राजा राम, हंस राज, राकेश कुमार, रत्न सिंह, ठाकुर दास, जोगिंदर सिंह व अन्य लोग भी मौजूद रहे।