शिक्षिका को सम्मानित करती पूर्व डीसी सलोनी राय ।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। शिक्षा एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए राजकीय हाई स्कूल बली की शिक्षिका अंजू तथा राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रिमची की शिक्षिका रंदीप कौर को जिला प्रशासन की तरफ से सम्मानित किया गया। पूर्व उपायुक्त सलोनी राय ने दोनों शिक्षिकाओं की सराहना करते हुए उनके कार्यों को प्रेरणादायी बताया।
जिला प्रशासन उधमपुर तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी उधमपुर सुभाष चंद्र गुप्ता ने उनकी सराहना की। इस अवसर पर उप मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. कल्पना जसरोटिया एवं जिला शिक्षा एवं योजना अधिकारी भी उपस्थित रहीं।
अधिकारियों ने कहा कि अंजू और रंदीप कौर ने शैक्षणिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों, साहित्यिक गतिविधियों तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम मंचों के सफल आयोजन एवं संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से न केवल विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ हुआ है, बल्कि जिले को भी गौरव प्राप्त हुआ है। उनकी आत्मविश्वासपूर्ण कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता तथा बड़े आयोजनों का सफल समन्वय उनकी उत्कृष्ट प्रशासनिक एवं संगठनात्मक दक्षता को दर्शाता है।
उपायुक्त एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी की तरफ से प्राप्त यह प्रशंसा उनकी निष्ठा, योग्यता एवं युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण का प्रमाण है। उनकी प्रतिबद्धता सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। आशा व्यक्त की जाती है कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार शिक्षा एवं समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेंगी और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगी।