उधमपुर। ब्लॉक मजालता में पड़ती पंचायत परदाई से अप्पर परदाई तक पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से 4 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से 2.5 किलोमीटर तक सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। हालांकि क्षेत्र में मौजूदा समय में ट्रैक्टर रोड तो है, लेकिन उसमें भी आधा किलोमीटर तक ही छोटे वाहन चल पाते हैं जबकि रोजाना क्षेत्र में रहने वाले लोगों को 2 किलोमीटर का पैदल सफर रोजाना तय करना पड़ रहा है।
इस संदर्भ में पूर्व सरपंच राजू ने बताया कि क्षेत्र में सड़क बनाने को लेकर वह पिछले काफी लंबे समय से सरकार व प्रशासन से मांग करते आ रहे थे। इतना ही नहीं क्षेत्र में होने वाली प्रशासनिक बैठकोंं व ब्लॉक दिवस पर आयोजित बैठक में भी क्षेत्र में सड़क बनाने की मांग को जोर शोर से उठाया जाता रहा है। अब सरकार की ओर से क्षेत्र में सड़क बनाने की मंजूरी मिली है।
वहीं क्षेत्र में सड़क बनने से गांववासियों में खुशी की लहर है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ट्रैक्टर रोड तो बना हुआ है लेकिन वो भी कच्ची सड़क होने के चलते लोगों को आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस रोड पर आधा किलोमीटर तक ही छोटे वाहन चल पाते हैं। इसके आगे 2 किलोमीटर तक रास्ता खराब व खस्ताहाल होने के कारण गांववासियों को पैदल ही आना जाना पड़ रहा है। हालांकि यह लिंक रोड बनाया जा रहा है जिससे तकरीबन 5 सौ से अधिक आबादी को इस इसका लाभ होगा। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कार्य को शुरू करने की मांग की है।
कोट
विभाग की ओर से क्षेत्र में सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर दिया गया है। जल्द ही विभाग की ओर से कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-शामपाल गुप्ता, एक्सईएन पीएमजीएसवाई विभाग रामनगर