उधमपुर। एक बार फिर से जीएमसी में लगी सीटी स्कैन मशीन पिछले एक महीने से खराब पड़ी हुई है। इसके चलते अस्पताल मेें आने वाले मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि कई बार लोग अस्पताल प्रशासन व विभाग से नई सिटी स्कैन मशीन लगाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन उसके बावजूद कई साल बीत जाने के बाद भी आज तक नई मशीन नहीं लग पाई है। इसका खामियाजा अस्पताल में आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। इतना ही नहीं मौजूदा समय में सिटी स्कैन मशीन खराब होने के कारण मरीजों को सिटी स्कैन करवाने के लिए या तो प्राइवेट क्लीनिकों में जाना पड़ रहा है या फिर मेडिकल कॉलेज जम्मू जाकर अपना सिटी स्कैन करवाना पड़ रहा है।
लोगों ने कहा, ऐसा नहीं है कि यह मशीन पहली बार खराब हुई है। इससे पहले भी कई बार मशीन खराब होने के चलते अस्पताल प्रशासन की ओर से इसकी मरम्मत करवाकर चलाया जा रहा था। गौरतलब है कि पूरे जिला में बने स्वास्थ्य केंद्रों में किसी जगह पर भी सिटी स्कैन मशीन न होने के कारण पूरे जिला से मरीज अपना सिटी स्कैन करवाने के लिए जीएमसी में आते हैं। इतना ही नहीं कई बार लोग सरकार से भी अस्पताल में नई मशीन लगाने की मांग कर चुके हैं। उसके बावजूद आज तक मशीन न लग पाने के कारण अस्पताल प्रशासन भी पुरानी सिटी स्कैन मशीन की मरम्मत कर उसे चला रहा है।
कोट
अस्पताल परिसर में बन रही नई इमारत में नई सिटी स्कैन मशीन आ गई है। जैसे ही इमारत का निर्माण कार्य पूरा होता है। नई मशीन को लगा दिया जाएगा। मौजूदा समय में अस्पताल में खराब हुई सिटी स्कैन मशीन की भी मरम्मत करवा दी जाएगी ताकि मरीजों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
-पवन कुमार गुप्ता, विधायक वेस्ट