उधमपुर। जिले में डेंगू संक्रमण पर रोक नहीं लग पा रही है। रोकथाम को लेकर विभागीय दावों के बावजूद शहरी इलाकों के साथ ही ग्रामीण इलाकों में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मंगलवार के बाद अब शनिवार को प्राप्त रिपोर्ट में बीते चार दिन में 34 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। इसके बाद कुल आंकड़ा बढ़कर 239 हो गया है।
उधमपुर के शहरी क्षेत्र से संबंधित मेडिकल ब्लाॅक टिकरी 109 मामलों के साथ सबसे आगे है और इसके बाद ग्रामीण इलाकों में मेडिकल ब्लाॅक चिनैनी में 62, रामनगर में 17 और मजालता में 3 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों में बढ़ रहे डेंगू के प्रकोप ने जहां आम आदमी की चिंता को भी बढ़ा दिया है, वहीं स्वास्थ्य विभाग को तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने का इंतजार है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लोगों से भी अपील की जा रही है कि बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करें।
फिलहाल अब तक पाए गए कुल 239 मामलों में से 48 बाहरी राज्यों से संबंधित हैं और इनकी पहचान नहीं हो पाई है। अन्य जिला उधमपुर के विभिन्न इलाकों से संबंधित हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में फागिंग, स्प्रे का काम भी तेज गति से पूरा किया जा रहा है और लक्षणों वाले रोगियों की जांच भी की जा रही है।
अभी तक जिले में कुल 1125 मरीजों की जांच में 239 डेंगू पाॅजिटिव मिले हैं। डेंगू के लगातार बढ़ते मामलाें के बावजूद किसी को भी आपात स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा है और ज्यादातर मरीज होम ट्रीटमेंट में ही ठीक हो रहे हैं। अभी तक मिले कुल मामलों में से 98 रोगी ठीक हो चुके हैं, 92 स्वास्थ्य विभाग की करीबी निगरानी में होम ट्रीटमेंट ले रहे हैं और 01 जीएमसी में उपचाराधीन हैं।
-
कोट
सितंबर और अक्तूबर डेंगू का पीक सीजन भी माना जाता है और और ठंड बढ़ने पर इनमें स्वयं रोक लग जाएगी। फिर भी लोगों से अपील है कि डेंगू से बचाव के लिए अभी कुछ दिन और सावधान रहें और स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन का पालन करें।
-
विजय कुमार, सीएचओ, मलेरिया विभाग उधमपुर