उधमपुर। पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से पंचैरी से नमोल तक 14 करोड़ 14 लाख रुपए की लागत से सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर दिया गया है उम्मीद है कि इसी माह में सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। क्षेत्र में सड़क बनने से गांववासियों में काफी खुशी की लहर है।
इस संदर्भ में पूर्व सरपंच कुलदीप शर्मा का कहना है कि क्षेत्र में सड़क बनने से लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। उन्होंने कहा कि इस सड़क का निर्माण होने से क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली तकरीबन 1500 से अधिक आबादी को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण को लेकर क्षेत्र में होने वाली कई प्रशासनिक बैठकों में इस मुद्दे को जोश से उठाया गया था। इसके चलते विधायक पवन कुमार गुप्ता के प्रयासों से सड़क का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क के निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। उम्मीद है कि इसी मां के अंत तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
विभाग की ओर से क्षेत्र में सड़क के निर्माण कार्य को शुरू करने को लेकर टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने के साथ ही ठेकेदार को कम अलर्ट कर दिया गया है। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। रमेश रैना, जेई पीएमजीएसवाई विभाग।