चिनैनी। चिनैनी कस्बे के वार्ड नंबर एक में पेयजल समस्या के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लोगों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वार्ड में पानी न पहुंचने के कारण निजी टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है। इसका कारण उनका बजट भी गड़बड़ा रहा है।
स्थानीय निवासी अनवर हुसैन, सुनील कुमार, रोहित, गायत्री देवी ने कहा कि वार्ड नंबर एक में बीते दिनों हुई तेज बारिश के कारण कई दिनों तक पेयजल आपूर्ति ठप रही थी। कई दिनों बाद वार्ड वासियों को पानी की सप्लाई मिलने से राहत तो मिली लेकिन अब फिर कुछ दिनों से पानी की समस्या गहरा गई है। इस कारण लोगों को मजबूरन निजी टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई लोगों को पानी के लिए बावलियों का भी सहारा लेना पड़ रहा है। पानी की सप्लाई किसी कारण ठप होने पर विभाग को जानकारी देनी पड़ती है। इसके बाद विभाग की ओर से टैंकर से पानी की सप्लाई दी जाती है मगर उससे भी कई घर बिना पानी के रह जाते हैं। स्थानीय लोगों ने जलशक्ति विभाग से मांग की है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाए, अन्यथा लोगों को मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा।