रामबन। जिला बार एसोसिएशन रामबन के चुनाव शनिवार को यहां गुप्त मतदान के माध्यम से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। चुनाव में एडवोकेट बहार अहमद रन्याल को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। चुनाव प्रक्रिया में कुल 76 पात्र सदस्यों में से 75 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद के लिए एडवोकेट बहार अहमद रन्याल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों एडवोकेट बलबीर सिंह बाली और एडवोकेट यासिर अहमद मलिक को पराजित किया। रन्याल को 37 वोट मिले जबकि बलबीर सिंह बाली को 34 और यासिर अहमद मलिक को चार वोट प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद के लिए एडवोकेट करनजीत सिंह ने 45 वोट हासिल कर एडवोकेट हिदायत भट्ट को पराजित किया। भट्टी को 30 वोट मिले।
वहीं, महासचिव पद पर एडवोकेट सतिंदर सिंह राजू 42 वोट हासिल कर निर्वाचित हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी एडवोकेट सरफराज नवाज को 33 वोट मिले। नई कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों का चयन निर्विरोध किया गया। एडवोकेट मोनिका देवी को महिला प्रतिनिधि, एडवोकेट प्रतिज्ञा बलवाल को संयुक्त सचिव और एडवोकेट अनूप सिंह चिब को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
चुनाव में जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष एडवोकेट बहार अहमद रन्याल ने सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के अधिकारों, सम्मान और कल्याण की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने जिला न्यायालय परिसर रामबन में लंबे समय से लंबित बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों को हल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। विशेष रूप से अधिवक्ताओं के लिए एक उचित एवं सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त बार भवन के निर्माण की मांग उठाते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
रन्याल ने कहा कि बार एसोसिएशन केवल अधिवक्ताओं के मुद्दों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अदालतों में आने वाले वादियों और आम जनता की समस्याओं को भी प्राथमिकता देगी। उन्होंने जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के लिए एसोसिएशन की ओर से पहल करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय पाने के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करने की अपील की, ताकि बार एसोसिएशन को मजबूत बनाने के साथ-साथ कानूनी पेशे की गरिमा को भी बनाए रखा जा सके।